ट्रेवेलियन, सर जार्ज मैकाले ओटो ट्रेवेलियन के कनिष्ठ पुत्र और अपने पिता की भाँति प्रसिद्ध इतिहासकार हैं। इनका जन्म १६ फरवरी, १८७६ ई० को हुआ था। हैरो और कैब्रिज विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त कर प्रथमत: वे १९१५ से १९१८ ई० तक महायुद्ध सेवा में लगे रहे। १९२७ ई० में वे कैब्रिज विश्वविद्यालय में आधुनिक इतिहास के प्रोफेसर पद पर नियुक्त हुए। उन्होंने ट्रिनिटी कालेज के मास्टर और डरहम विश्वविद्यालय के चांसलर आदि उच्च पदों को भी कई वर्षों तक सुशोभित किया है। इतिहास के क्षेत्र में ट्रेवेलियन की प्रतिभा अनोखी है। उनके प्रकांड पांडित्य, ऐतिहासिक निवेश, सरस शैली और साहित्यक अभिरुचि ने उन्हें आज विश्व का एक मूर्धन्य इतिहासकार बना दिया है। 'इंगलैंड अंडर दे स्टुअर्ट्स (१९०४), 'गैरीबाल्डी ऐंड दि मेंकिंग ऑव इटली' (१९११), लाइफ ऑव जान ब्राइट' (१९१३), � ब्रिटिश हिस्ट्री ऑव द नाइनटींथ सेंचुरी' (१९२६), हिस्ट्री ऑव इंग्लैंड' (१९२६) 'इंग्लैंड अंडर क्वीन ऐन' (१९३० ३५), 'ग्रे ऑव फॉल्डम' (१९३७), 'दि इंग्लिश रिवोलूशन' १६८८-८९ (१९३८), इंग्लिश सोशल हिस्ट्री' (१९४४), दि सेवेन इयर्ज ऑव विलियम फोर्थ (१९५२), ए ले मैन्स लव ऑव लेटर्स (१९५४) आदि उनकी कृतियाँ हैं।