ट्रेंटन (Trenton) स्थिति :४०० १५' उ० अ० तथा ७४० ४१' पू० दे०। यह संयुक्त राज्य के न्यूजर्जि राज्य की राजधानी तथा मुख्य नगर है। यह नगर डेलावर नदी के पूर्वी तट पर, न्यूयॉर्क नगर से ९६ किमी० दक्षिण-पश्चिम में तथा फिलाडेल्फिया से ४८ किमी० उत्तर-पूर्व में राज्य के पश्चिमी मध्यवर्ती भाग में स्थित है। नगर समुद्रतल से १७.२ मीटर की ऊँचाई पर २०.२ वर्ग किमी० के क्षेत्रफल में पठारी भाग पर फैला हुआ है।
राजनीतिक दृष्टि से उद्बुद्ध होने के अतिरिक्त यह नगर देश का बड़ा औद्योगिक तथा व्यावसायिक केंद्र भी है। यहाँ मिट्टी के बरतन, लोह उद्योग, बिजली के सामान, रबर, एसेबेस्टाँस की चादरें, ऊनी तथा सूती वस्त्र, प्लास्टिक की वस्तुएँ, रंग, बत्तियाँ, बल्ब आदि सामान बनाने के कारखाने हैं। यहाँ की औद्योगिक तथा व्यावसायिक शिक्षा संस्थाएँ बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। प्रिंसटन विश्वविद्यालय यहाँ से १६ किमी० की दूरी पर स्थित है। बहुसंख्यक अंग्रेजों के अतिरिक्त अन्य यूरोपीय निवासियों एवं नीग्रो लोगों की अधिकता है। यहाँ की जनसंख्या १,१४,१६७ (१९६०) है। (हरिहर सिंह)