टैलिन स्थिति : ५९० २६' उ० अ० तथा २४० ४६' पू० दे०। यह बंदरगाह फिनलैंड की खाड़ी के दक्षिणी तट पर है तथा इस्टोनिया की राजधानी है। यह बंदरगाह प्रति वर्ष शीत ऋतु में ४५ दिनों तक बर्फ से जमा रहता है। जब बर्फ तोड़नेवाले जहाजों का उपयोग किया जाता है तब यह बंदरगाह वर्ष भर खुला रहाता है। यह सर्वप्रथम रूस के अधिकार में था और अब भी उसी के अधिकार में है। इस बंदरगाह का जहाजरानी विभाग द्वितीय विश्वमहायुद्ध में नष्ट भ्रष्ट हो गया था परंतु अब रूस के संरक्षण में यह दिन प्रति दिन उन्नति कर रहा है। अब यह इस्टोनिया का मुख्य रेल, स्थल, जल एवं वायुमार्ग का केंद्र है। बाल्टिक समुद्रीय बंदरगाह होने के कारण ही इसका महत्व है, जिससे रूस को व्यापारिक सुविधाएँ प्राप्त हैं।
यहाँ पर बड़े लौह इस्पात उद्योग, सूती एवं ऊनी मिलें, चित्रपट का मुख्य केंद्र तथा अन्न उठाकर रखने के अनेक बड़े बड़े एलीवेटर्स हैं। यहाँ से वस्त्र, कागज, दुग्धपदार्थ, सीमेंट, मोटर, दवाइयाँ, वनपदार्थ एवं तंबाकू का निर्यात होता है। (विजयराम सिंह)