टैफ्ट, विलियम हॉवर्ड संयुक्तराज्य अमरीका का राष्ट्रपति। सिनसिनाटी (ओहायो) में १५ सितंबर, १९५७ को जन्म हुआ और वाश्गिंटन में ८ मार्च १९३०, को देहांत। अपने विद्यार्थी जीवन में यह उत्तम विद्याथी माना जाता था और खेलकूद में तथा संस्था के सामाजिक जीवन में यह महत्वपूर्ण भाग लेता था। १८८५-१८८७ तक यह सालिसिटर था परंतु बाद में यह ओहायो का न्यायाधीश भी नियुक्त हुआ था। १८९२ में यह संयुक्तराज्य अमरीका के छठे न्यायिक मंडल का न्यायाधीश बनाया गया। इस काल में इसे निर्भीक न्यायाधीश की ख्याति प्राप्त हुई। परंतु इसके ऐसे अनेकों न्यायिक निर्णय थे जो मजदूरों के संगठनों की दृष्टि से कल्याणकारी नहीं थे। सिनसिनाटी के आसपास रेलों की हड़ताल करने का निश्चय रेल मजदूरों ने किया। परंतु टैफ्ट ने कहा कि 'यदि अमरीकी फौज में कोई ताकत है तो रेलें चलकर ही रहेंगी'। टैफ्ट को येल विश्व-विद्यालय का उपकुलपति नियुक्त करने के लिये कुछ लोग योजना बना रहे थे, किंतु टैफ्ट ने इस पद को अस्वीकार करते हुए सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय के उपकुलपति पद के लिये कोई शिक्षाशास्त्री ही उपयुक्त व्यक्ति हो सकता है। १९००-१९०४ तक यह फिलीपाइंस का गवर्नर रहा। फिलीपाइंस के शासन में इसने अपनी दूरदर्शिता का परिचय दिया। सुव्यवस्थित शासन की नींव डालने का महान् कार्य इसने किया। फिलिपिनों के आपसी झगड़ों को मिटाते हुए, मनुष्य स्वभाव को समझते हुए इसने बड़ी मेहनत और चतुराई से फिलिपाइंस में राज्य व्यवस्था के बीज बोये। १९०९ में वह रिपब्लिकन पार्टी द्वारा संयुक्तराज्य अमरीका के राष्ट्रपति पद के लिये चुना गया। अपने शासनकाल में इसने अमरीकी माल के लिये संरक्षण नीति को मान्यता दी, तथा फिलिपाइंस के साथ खुले व्यापार की व्यवस्था की। यह उत्तर और दक्षिण अमरीक के बीच मैत्री भाव बढ़ाना चाहता था तथा हबशियों की समस्या का निवारण करना चाहता था। अमरीकी जनता से संपर्क स्थापित करने के हेतु इसने पूरे अमरीका में भ्रमण किया।