टैगैनरॉग (Taganrog) स्थिति : ४७ १२ उ. अ. तथा ३८ ५० पू. दे.। यह सोवियत संघ के रॉस्तॉव प्रदेश का बंदरगाह एवं नगर है। यह अजॉफ सागर की उत्तर-पूर्वी शाखा पर टैगैनरॉग खाड़ी के उत्तरी किनारे पर स्थित है। यह रॉस्तॉव नगर से लगभग ४५ मील पश्चिम में मछली मारने तथा कृषि पदार्थों के भंडार का प्रमुख केंद्र है। यहाँ जलयान, रेलगाड़ी वायुयान, धातु तथा भारी यंत्र निर्माण के कारखाने हैं। भारी यंत्रों में मुद्रण, पाइप, बायलर, कृषि एवं रासायनिक यंत्र मुख्य हैं। इस पत्तन से कोयला तथा अनाज का निर्यात होता है। टैगैनरॉग नगर में अध्यापक प्रशिक्षण-संग्रहालय रहा चुका है। १८५५ ई. में अंग्रेज और फ्रांसीसी जहाजी बेड़े ने बम द्वारा इस नगर को नष्ट कर दिया था। दूसरे विश्वमहायुद्ध में यह कुछ काल के लिये जर्मनों के अधीन हो गया था, किंतु अब यह रूसियों के अधीन है। इसकी जनसंख्या १,८९,००० (१९५६) है। ( राजेंद्रप्रसाद सिंह)