टिंबक्टू स्थिति: १६ ४९ उ. अ. तथा २ ४३ पू. दे.। यह 'फ्रेंच सूडान' प्रदेश में था, अब माली गणतंत्र का ऐतिहासिक एवं व्यापारिक नगर है। यह सहारा मरुभूमि की दक्षिणी सीमा पर तथा नाइजर नदी पर स्थित काबरा बंदरगाह से ९ मील उत्तर दिशा में ८०० फुट की ऊँचाई पर स्थित है। टिंबक्टू दलदली एवं रेतीले भूभाग के मध्य में है, जिसे उष्ट्र-नाव संगमस्थल (the meeting point of camel and canoe) कहते हैं। इसकी परिधि तीन मील है। इस नगर के मध्य में तीन बड़ी मस्जिदें तथा उत्तरी छोर पर दो किले हैं। यहाँ का मुख्य व्यापार नमक, कपड़ा, लोहे वस्तुएँ, शतुर्मुर्ग (ostrich) के पर, रबर, तंबाकू, रूई, चीनी तथा सोना है। तथा यहाँ इस्लामी शिक्षा का केंद्र है। (नृपेंद्रकुमार सिंह)