जाज़िग अफ्रीका के मिस्र देश में शर्किया प्रांत की राजधानी तथा प्रमुख केंद्र है। काहिरा से रेलमार्ग द्वारा ७६ किमी. उत्तर-पूर्वोत्तर यह नगर नील नदी के डेल्टा क्षेत्र में इस्माइलिया नहर पर स्थित है। यह सिकंदरिया तथा स्वेज से भी रेलमार्गो द्वारा संबद्ध है। अत्यंत उपजाऊ कृषिक्षेत्र में स्थित होने तथा नहर एवं रेलमार्गो द्वारा यातायात की पर्याप्त सुविधाओं के कारण यह नगर गल्ले तथा कपास की बड़ी मंडी हो गया है। यहाँ कपास से बिनौले निकालने के बड़े बड़े कारखाने हैं और कपास यहाँ से साफ करके निर्यात की जाती है। यहाँ से लगभग डेढ़ मील दक्षिण-पूर्व में प्राचीन बूबस्तिस (Bubastis) नामक नगर के, जिसे अब तेलबैस्ता कहते हैं, भग्नावशेष प्राप्य हैं। यातायात, व्यापार तथा उद्योगों के विकास के कारण नगर प्रगतिशील है। १९३७ ई. में जनसंख्या ५९,७९३ थी, जो अगली दशाब्दी (१९३७-४७) में ८२, ९१२ हो गई। (काशी नाथ सिंह)