जयपाल १. प्रसिद्ध लाहौरनरेश। मुसलमानों का भारत में प्रथम प्रवेश इसी के काल में हुआ। ९७७ ई. में गजनी के सुबुक्तगीन ने उसपर आक्रमण कर कुछ स्थानों पर अधिकार कर लिया। जयपाल ने प्रतिरोध किया, किंतु पराजित होकर उसे संधि करनी पड़ी। अब पेशावर तक मुसलमानों की सीमा हो गई। दूसरी बार सुबुक्तगीन के पत्र सुलतान महमूद ने जयपाल को पराजित किया। लगातार पराजयों से क्षुब्ध होकर इसने अपने पुत्र अनंगपाल को अपना उत्तराधिकारी बनाया और आग में जलकर आत्महत्या कर ली।

२. अनंगपाल का पुत्र। १०१३ में सत्तारूढ़ हुआ। यह भी सुलतान महमूद से १०२२ में इरावती के तट पर पराजित हुआ और लाहौर मुसलमानों के हाथ में चला गया। इस प्रकार भारत में मुसलमान शासन की नींव पड़ गई।

३. हमीर काव्य के अनुसार चौहान वंश में भी जयपाल नाम के दो सम्राट् हुए।