जमालुद्दीन अफगानी (१८३८-१८९७) दार्शनिक, लेखक, वक्ता और पत्रकार। अफगानिस्तान के काबुल जिले के असदाबाद नामक स्थान में उत्पन्न हुआ। किंतु शिया लेखकों का मत है कि उसने फारस के असदाबाद में जन्म लिया था। उसका बचपन अवश्य काबुल में व्यतीत हुआ। इसके पश्चात् उसने मिस्र, ईरान, भारत, फारस और इंग्लैंड का भ्रमण किया। यह दार्शनिक विचारों में भौतिकवाद और डार्विन के विकासवाद का विरोधी था। मुस्लिम धर्म और दर्शन का मर्मज्ञ होते हुए भी जमालुद्दीन ने इन विषयों पर अधिक नहीं लिखा। अफगानिस्तान के इतिहास पर 'तातिमत-अल-बयाँ' इसकी प्रसिद्ध पुस्तक है। फिर भी इसकी समसामयिक राजनीतिक और सामाजिक घटनाओं पर लिखी हुई समीक्षाएँ महत्त्वपूर्ण हैं। इसकी मृत्यु कैंसर से हुई।