चैप्लिन, चार्ली विख्यात हास्य सिने-अभिनेता और निर्माता। १६ अप्रैल, १८८९ को नाट्य संगीतकार पिता के घर लंदन में पैदा हुआ। १९१० से १९१३ तक 'कार्नो कामेडी कंपनी' में अभिनेता बनकर अमरीका और कनाडा गया। १९१३ में लास एंजेल्स की सिने कंपनी से संपर्क बनाया और १९१८ में उसने प्रसिद्ध सिने केंद्र हालीवुड में 'चार्ली चैप्लिन फिल्म कंपनी' स्थापित की। अपने अभिनय में सामाजिक परंपराओं पर तीक्ष्ण व्यंग्याभिनय के कारण वह पर्याप्त विवादास्पद बन गया किंतु यही तत्व उसकी प्रसिद्धि का भी मूल बना। क्रांतिकारी विचारों के कारण उसे अमरीका प्रवास में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अत: १९५३ में वह जिनेवा (स्विट्जरलैंड) में बस गया।