चैड स्थिति : ८°¢ से २३° उ. अ. तथा १४°¢ से २४°¢ पू. दे.। यह मध्य अफ्रीका में स्थित गणतंत्र राज्य है। इसके पूर्व में सूडान, पश्चिम में नाइजीरिया, नाइजर गणतंत्र तथा कामरून, उत्तर में लिबिया तथा दक्षिण में मध्य अफ्रीका गणतंत्र स्थित हैं। इसका क्षेत्रफल १२,८३,००० वर्ग किमी. है। यहाँ की राजधानी तथा प्रशासनिक नगर फोर्ट लैम है। यहाँ की औसत वार्षिक वर्षा ७४.९३ सेंमी. है जो मुख्यत: जुलाई से लेकर अक्टूबर तक होती है। यहाँ ताड़ तथा उष्णकटिबंधीय अन्य वनस्पतियाँ होती है। हाथी, शेर, चीता, भैंसा यहाँ के जंगलों में पाए जाते हैं। ऊँट, भेड़ तथा अन्य पशुपालन यहाँ का मुख्य उद्यम है। यहाँ का मुख्य कृषि उत्पादन रुई है। इसके अतिरिक्त गेहूँ, धान, मिलेट (millet) अर्थात् सावाँ, कुटकी बाजारा, ज्वार, मंडवा यहाँ उपजाए जाते हैं१ चैड झील क्षेत्र के अतिरिक्त संपूर्ण चैड में मिलेट मुख्य खाद्यान्न है। स्फटिक तथा सोना वादाइ क्षेत्र में, खनिज तैल एरडिस क्षेत्र में तथा यूरेनियम एवं थोरियम ईनेडी क्षेत्र में मिलते हैं। यातायात और विद्युच्छक्ति की कमी के कारण चैड उद्योग धंधें में पिछड़ा हुआ है। चैड झील यहाँ का मुख्य आकर्षण है। यहाँ के अधिकांश निवासी नीग्रो तथा मुस्लिम धर्मावलंबी हैं। (अ. ना. मे.)

जाति- मध्य अफ्रीका का नवोदित गणराज्य। राजधानी फोर्ट-लैमी है। यहाँ के निवासी मुख्यत: नीग्री जाति की हैं। अरबों के निरंतर प्रवेश से अब यहाँ कई उपजातियों का सम्मिश्रण हो गया है। सलामत (Salamat) और तुंगुर (Tungur) जैसी जातियाँ अंतर्विवाहों से अरबों के घनिष्ठ संपर्क में आई। तिबेस्ती (Tibesti) प्रदेश की टेडा (Teda) तथा टुबू (Tubu) जाति संभवत: मिस्र से आई थी।

भाषा- यों तो यहाँ की सभी प्रजातियाँ भिन्न-भिन्न भाषाएँ बोलती हैं, लेकिन इस्लाम के प्रसार से अरबी का प्रयोग बढ़ता गया। संविधान में फ्रांसीसी भाषा ही मान्य हैं।

धर्म - उत्तरी चैड के निवासी मुख्यत: मुसलमान हैं। वर्षों से यहाँ प्रोटेस्टटैंट और कैथोलिक मिशनरियाँ काम कर रही हैं।

इतिहास - चैड में योरोपीयों के आने के पूर्व का इतिहास अव्यवस्थित हैं। १८२२ में डेनहम और क्लैपर्टन नामक अंग्रेज यात्रियों ने इसकी खोज की। १८९० के पश्चात् चैड झील के दक्षिण और पूर्वी क्षेत्रों पर फ्रांसीसियों ने अधिकार कर लिया। रबाह अमोनी नामक अफ्रीकी नेता ने फ्रांसीसी राज्य का विरोध किया लेकिन १९१३ तक एक संधि के अनुसार शांति स्थापित हो गई। चैड की वर्तमान सीमाएँ फ्रांस तथा जर्मनी (१८९४) और फ्रांस तथा ब्रिटेन (१८९८) द्वारा निर्धारित की गई थीं।

प्रथम और द्वितीय विश्वयुद्धों के बीच चैड ने शनै: शनै: प्रगति की। १९४५ तक चैड फ्रांसीसी संघ का अंग हो गया था। २८ सितंबर, १९४८ को उसने फ्रांसीसी संघ के अंतर्गत स्वायत्त गणराज्य का प्रस्ताव पास किया। २६ नवंबर, १९५८ को वह गणराज्य घोषित हो गया। ११ अगस्त, १९६० को देश ने पूर्ण स्वतंत्रता प्राप्त की। फ्रांकोइस टोम बाल्बे इसके प्रथम राष्ट्रपति और प्रधान मंत्री हुए।