चेंबरलेन, आर्थर नेविल (१८६७-१९४०) ब्रिटेन का राजनितिज्ञ और नेता। १८ मार्च, १८६९ ई. का जन्म। पिता जोजेफ चेंबरलेन थे। आरंभ में नेविल ने कुछ समय तक व्यापार किया। प्रथम विश्वयुद्ध के समय एम.पी. हुए, अक्टूबर, १९२२ ई. तक पोस्टमास्टर रहे और उसके बार स्वास्थ्यमंत्री बने। १९२४ ई. में इसी पर दोबारा चुने जाने पर आवास, शुद्ध खाद्य पदार्थों आदि के लिये सुधार करते रहे। १९३१ ई. में ब्रिटेन के प्रधान मंत्री बाल्डविन (Baldwin) के कार्यकाल में अर्थमंत्री (राजकोष महामात्य Chancellor of the Exchequer) थे। इसी बीच नात्सी जर्मनी के आक्रमणों के कारण इन्हें विकट परिस्थिति का समना करना पड़ा, जिसको हल करने के लिये इन्होंने ३० सितंबर, १९३८ ई. को एक संमिलित ऐंब्लो जर्मन संधि की। इस संधि में इन्होंने जर्मनी की सभी माँगे स्वीकार कीं। फलत: परस्पर अनाक्रमण की घोषणा हुई। नेविल को इस संधि में पूर्ण विश्वास था, किंतु छह मास बाद ही जर्मनी का छद्मरूप प्रकट हो गया और उसने चेकोस्लोवाकिया को अपने अधिकार में कर लिया। इसके पूर्व की नेविल रूस से मैत्री करके पोलैंड की रक्षा की घोषणा करते, जर्मनी ने रूस से अगस्त, १९३९ ई. में मित्रता करके पोलैंड पर आक्रमण कर दिया। बाध्य होकर इन्हें भी जर्मनी के विरुद्ध ३ सितंबर, १९३९ को युद्ध की घोषणा करनी पड़ी, किंतु नार्वे के पतन के पश्चात् इन्हें विंस्टन चर्चिल के पक्ष में अपने पद से त्यागपत्र देना पड़ा। ९ नवंबर, १९४० ई. में इस असफल शांतिस्थापक का देहावसान हो गया। (कमलनाथ गुप्त)