चमोली १. जिला, यह उत्तर प्रदेश राज्य के प्राकृतिक विभाग उत्तरी पहाड़ी क्षेत्र कें अंतर्गत है। यहाँ की औसत ऊँचाई लगभग ४,५०० फुट है परंतु कहीं कहीं १०,००० फुट से भी अधिक ऊँचाई मिलती है। यह मध्य हिमालय के बीच में स्थित है। अलकनंदा यहाँ की प्रसिद्ध नदी है जो तिब्बत की जासकर श्रेणी से निकलती है। यहाँ कायांतरित (metamorphic) चट्टानें जैसे शिस्ट, कई प्रकार के क्वार्टजाइट, मिलती हैं। इसका क्षेत्रफल ३,५२५ वर्ग मील और जनसंख्या २,५३,१३७ (१९६१) है। गर्मी में यहाँ ठंढा और सुहावना रहता है। जाड़े में हिमपात होता है और ऊँची चोटियाँ हिमाच्छादित हो जाती हैं। चमोली जंगलों से अच्छादित है जिसमें चीड़, बैंजओक तथा ओक इत्यादि की प्रचुरता है। फल भी यहाँ पर्याप्त होते हैं। भेड़, बकरी, घोड़े, याक इत्यादि यहाँ पाले जाते हैं।
२. नगर, स्थिति : ३०° २४¢ उ.अ. तथा ७९° २०¢ पू.दे.। जिले का मुख्य कार्यालय चमोली नगर में है। नगर अलकनंदा नदी के तट पर स्थित है। यह समुद्रतल से लगभग ३,५०० फुट की ऊँचाई पर स्थित है। चमोली नगर व्यवसाय और शिक्षा का केंद्र है। छोटे छोटे उद्योग भी यहाँ पर हैं। १० प्रतिशत जनसंख्या कृषि के कार्य में तथा शेष दूसरे कार्यों में संलग्न है। बद्रीनाथ भी यहाँ से ही जाया जाता है। (हेम प्रिया देवी)