घाघरा (सरयू) गंगा की प्रमुख सहायक नदी है जो नेपाल तथा उत्तर प्रदेश से होकर बहती है। इसका उद्गम तिब्बत में (३०° ४०¢ उ. अ. तथा ८८° ४८¢ पू. दे.) है। यह करनाली के नाम से हिमालय की ऊँची श्रेणियों को काटती हुई खीरी तथा बहराइच जिलों के बीच मैदान में उतरती है। घाघरा के बाएँ तट पर बाराबंकी, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर तथा दाहिने किनारे पर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी एवं फैजाबाद जिले पड़ते हैं।

शारदा नदी तीन प्रमुख शाखाओं- सुहेली, दहावर और चौका- के रूप में इसमें मिलती है। अन्य सहायक नदियाँ राप्ती तथा छोटी गंडक हैं। छपरा (२५° ४४¢ उ. अ. तथा ८४° ४२¢ पू. दे.) में घाघरा और गंगा का संगम है।

घाघरा जलयातायात के लिये महत्वपूर्ण है। इसमें अयोध्या और पटना के बीच स्टीमर चलते हैं। नैपाल से बड़ी मात्रा में लकड़ी, अनाज और मसाले भी इस नदी के द्वारा भेजे जाते हैं। इसके तट पर प्रमुख व्यापारिक केंद्र टॉडा, बरहज तथा रिबिलगंज हैं। बहरामघाट पर एलगिन बिज (३,६९५ फुट लंबाई) तथा अयोध्या के निकट नावों का पुल (३, ९१२ फुट लंबाई) है। घाघरा नहर से सिंचाई के लिये १९६ कुसेक जल प्राप्त होता है जिससे २४,४७४ एकड़ भूमि की सिंचाई होती है।

(प्रमिला वर्मा)