ग्रेट बेयर झील स्थिति : ६५° से ६७° उ.अ. तथा ११७° से १२३° प.दे.। कनाडा के उत्तर-पश्चिम मध्यवर्ती प्रदेश के मैकेंजी जिले में एक स्वच्छ जल की झील है। इसका क्षेत्रफल १२,००० वर्ग मील; लंबाई, २०० मील; चौड़ाई २५ से १०० मील तथा गहराई २७० फुट है। इस झील से लगभग १०० मील लंबी ग्रेट बेयर नदी निकलकर पश्चिम की ओर बहती हुई मैकेंजी नदी में मिलती है। झील का आकार बहुत ही असम है। वर्ष में लगभग आठ मास तक हिमाच्छादित रहती है। सर जॉन फ्रैंकलिन ने १८२५ ई. में इसका पता लगाया। इसमें विभिन्न प्रकार की मछलियाँ मिलतीं हैं। किनारे लगे जंगलों से पशुओं का शिकार करके उनके रोओं का व्यापार किया जाता है।

परमाणुशक्ति के वैज्ञानिक अध्ययन से इस झील तथा निकटवर्ती क्षेत्र की महत्ता बढ़ गई है। यहाँ पर पिचब्लेंड नामक खनिज मिला (१९२९ ई.) है जिसमें यूरेनियम तथा रेडियम धातुएँ पाई जाती हैं। झील के समीप चाँदी भी मिलती है। (नन्हे लाल)