गोड्डा १. बिहार राज्य के संथाल परगने का उपमंडल (सब डिवीजन) है (क्षेत्रफल ८५४ वर्ग मील, जनसंख्या ४,४७९७६ (१९५१ ई.), प्रति वर्ग मील घनत्व ५२४.६ मनुष्य)। इस उपमंडल को भौगोलिक दृष्टि से दो भागों में विभाजित कर सकते हैं १. दक्षिण तथा पश्चिम का पहाड़ी क्षेत्र, जिसका अधिकांश चट्टानां तथा वनों से आच्छादित है, २. पूर्वी क्षेत्र, जो केवाल मिट्टी से बना हुआ उपजाऊ मैदानी भाग है तथा जिसमें अधिकांशत: कृषि होती है। अधिकांश जनसंख्या इसी मैदानी क्षेत्र में निवास करती है। संपूर्ण जनसंख्या ग्रामीण है। १९५१ ई. की जनगणना के अनुसार यहाँ कुल १०७० गाँव हैं जिनमें कुल अधिकृत गृहसंख्या ८२,६०० है। इस उपजनपद में प्रशासनिक दृष्टि से गोड्डा, परैयाहाट तथा महागाँवा थाने सम्मिलित हैं।

२. नगर - स्थित : २४° ५०¢ उ.अ. तथा ८७° १७¢ पू.दे.। गोड्डा उपमंडल का प्रधान प्रशासनिक केंद्र है। उपमंडल का केंद्र होने पर भी यातायात की सुविधाओं तथा औद्योगिक एवं व्यापारिक साधनों के अभाव के कारण यह ग्राम मात्र ही रह गया है। इसकी जनसंख्या ७,५०० (१९६१ ई.) है जो अधिकांश कृषि पर आश्रित है। यहाँ उपमंडल की कचहरी, योजना विभाग के कार्यालय, अंग्रेजी विद्यालय तथा पुस्तकालय हैं। (काशी नाथ सिंह.)