गैलिली सागर इज़रायल देश में स्थित नाशपाती के आकार की एक झील है जिसमें से होकर जार्डन नदी बहती है। लंबाई १४ मील, चौड़ाई ८ मील एवं क्षेत्रफल ११२ वर्ग मील है। रूम सागर के तल से इसकी सतह ६८२.५ फुट नीची है। अधिकतम गहराई १५० फुट है।

गैलिली सागर जार्डन रिफ्ट वैली में स्थित है। जार्डन नदी का जलप्रवाह लावा निक्षेप द्वारा अवरुद्ध हो जाने से ही संभवत: इसका निर्माण हुआ है। ताप के आकस्मिक परिवर्तनों से यहाँ भयंकर तूफान उठते रहते हैं। सागर में विभिन्न जाति की मछलियों का बाहुल्य है। तटीय भागों में प्राचीन आबादी के अनेक चिन्ह विद्यमान हैं। (राधिका नारायण माथुर)