गैलापैगम प्रशांत महासागर में विषुवत् रेखा पर स्थित ज्वालामुखी द्वीपसमूह है जिसमें १२ बड़े तथा कई सौ छोटे छोटे द्वीप सम्मिलित हैं। ये इक्वेडोर देश के कोलन प्रांत के अंतर्गत हैं और प्रधान तट से ६५० मील पश्चिम में हैं। कुल क्षेत्रफल ३,१२३ वर्ग मील है एवं जनसंख्या १,६८७ (१९५७) है। सबसे बड़ा ऐलबरमेल द्वीप है जिसकी लंबाई लगभग ७५ मील है। ऐलबरमेल तथा चैथम द्वीप ही आबाद हैं। अन्य द्वीपों में इंडीफैटीगेबुल, जेम्स तथा नारबरो उल्लेखनीय हैं। चैथम द्वीप पर स्थित सेंट क्रिस्टोबेल इस प्रदेश का मुख्य नगर है। १५३५ ई. में टामस डी बरलांगा नामक स्पेन निवासी ने इस द्वीप समूह की खोज की थी। १८३२ ई. में इक्वेडोर देश ने इस पर अपना अधिकार जमाया।
गैलापैगस द्वीपसमूह के महत्व का श्रेय यहाँ के प्राकृतिक जीवभांडार को है जिसमें वनस्पति तथा पशुओं की अनेकों दुष्प्राप्य जातियाँ मिलती हैं। इन द्वीपों पर विशालकाय कछुए भी पाए जाते हैं जिनमें से कुछ की आयु ३००-४०० वर्ष की हा चुकी है। इस प्रकार ये विश्व के प्राचीनतम जीवित प्राणी हैं।
(राधिका नारायण माथुर)