गेयरी संयुक्त राज्य अमरीका में इंडियाना प्रांत के लेक जिले में मिशिगैन झील के दक्षिणी छोर पर शिकागो नगर से २५ मील दक्षिण-पूर्व स्थित औद्योगिक नगर (स्थिति : ४१ ३८ उ. अ. एवं ८७ १५ पू. दे.)। यह संयुक्त राज्य का सबसे बड़ा लोहा-इस्पात-केंद्र है और इसकी गणना विश्व के विशालतम लोहा-इस्पात-केंद्रों में होती है। गेयरी नगर की स्थापना १९०६ ई. में ऐसे निर्जन प्रदेश में हुई थी जो दलदल तथा बालू के टीलों से भरा था।

गेयरी नगर उत्तम पोताश्रयों द्वारा महान झील प्रदेश के कनाडा तथा संयुक्त राज्य देशों के तटीय भागों से जुड़ा है। इन बंदरगाहों पर जहाज उत्तर से कच्चा लोहा तथा चूने का पत्थर लाते हैं और यहाँ से अन्य स्थानों को लोहे और इस्पात का सामान तथा सीमेंट ले जाते हैं। इस नगर के लोहा-इस्पात और अन्य आश्रित उद्योग संयुक्त राज्य इस्पात मंडल के अधीन हैं। यहाँ स्थित युनिवर्सल ऐटलस सीमेंट कारखाना विश्व के पोर्टलैंड सीमेंट का उत्पादन करने वाले कारखानों में सबसे बड़ा है।

(राधिकानारायण माथुर.)