गेजा दक्षिण इजरायल देश का एक नगर जो जीरूसालेम से ५० मील दक्षिण-पश्चिम स्थित है (स्थिति: ३१० २८’ उ. अ. तथा ३४० ३’ पू. दे.)। यह तीन मील की चौड़ाई में फैले हुए बालू के टीलों द्वारा रूम सागर से पृथक् होता है। समुद्री व्यापार और युद्धकालीन स्थिति की उत्तमता के कारण इसका इतिहास प्राचीन काल से ही क्रमबद्ध है। यह प्राचीन काल में व्यापारिक मार्गों का महत्वपूर्ण केंद्र था। प्रथम विश्वमहायुद्ध से पूर्व गेजा प्रभावशाली नगर था परंतु इस महायुद्ध में इसका लगभग आधा भाग ध्वस्त हो गया। १९४८ ई. में मिस्र देश की सेना ने मिस्र-इज़राइल-युद्धोपरांत, आदेशपत्र द्वारा इस नगर पर आधिपत्य जमाया और इज़रायल के अरब जातिवासियों को शरण दी। तदुपरांत २४ फरवरी, १९४९ की संधि द्वारा इज़रायल ने संपूर्ण गेजा पट्टी पर (क्षेत्रफल १५० वर्गमील) मिस्र का आधिपत्य स्वीकार किया। (राधिकानारायण माथुर.)