गाल्टन, फ्रैंसिस (१८२२-१९११ ई.)। अंग्रेज वैज्ञानिक जिसकी ख्याति उल्का विज्ञान, आनुवंशिकता और नृतत्व संबंधी शोधों के लिए है। वे चार्ल्स डार्विन के भतीजे थे। उन्होंने सूडान में रहकर वहाँ के आदिवासियों का अध्ययन किया, फिर अनुसंधान के निमित्त दक्षिण पश्चिम अफ्रीका गए। यात्रावृत्तों के लिये रायल ज्योग्राफिकल सोसाइटी ने उन्हें सुवर्ण पदक प्रदान किया। उल्का के संबंध में उन्होंने कई सिद्धांत प्रतिपादित किए। तूफानों (साइक्लोन) के संबंध में अनेक लेख लिखे और मौसम संबंधी तालिका तैयार की। अंगुलि विज्ञान की दिशा में भी कुछ काम किया। आनुवंशिकता के संबंध में उन्होंने ऐसे विचार प्रकट किए जो समय से बहुत आगे थे। उन्होंने माता पिता के चयन द्वारा अयोग्य व्यक्तियों की संख्या कम करने का सुझाव दिया। उन्होंने मानव-प्रजनन विज्ञान की नींव डाली। आक्सफोर्ड और कैंब्रिज ने उन्हें मानद उपाधियाँ देकर संमानित किया। (परमेश्वरीलाल गुप्त)