गार्सिलासो देला वेगा (१५०१-१५३६) स्पेनिश कवि। इटालियन लेखक कास्तिग्लियानी की पुस्तक ‘कोर्टियर’ में राजदरबारियों के लिए निर्देशित नियमों के अनुसार चलकर साहित्य तथा व्यावहारिक जीवन में सफलता प्राप्त की। कवि होने के अतिरिक्त वे चार्ल्स पंचम की सेना में भी रहे और एक युद्ध में ही इनकी मृत्यु हुई। एक संबंधी के गुप्त विवाह में सहयोग देने के अपराध में सम्राट् ने इन्हें राज्य से निर्वासित कर दिया। इनकी सर्वोत्कृष्ट कविताएँ इसी घटना के बाद नेपुल्स में लिखी गईं।
गार्सिलासो द्वारा स्पेनिश कविता में इटालियन प्रभाव का प्रवेश हुआ। इन्होंने न केवल स्वयं इटालियन छंदों को स्वीकार किया, वरन् अपने मित्र बोस्कन (Boscon) को भी इस दिशा में प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया। इन्होंने इक्लॉग, ऐलेजी, ओड और सानेट, काव्य के इन सभी रूपों में रचना की। इनका एक पुर्तगाली महिला से प्रेम था जिसने किसी अन्य व्यक्ि त के साथ विवाह कर लिया। इनकी बहुत सी कविताओं में निराश प्रेम की अभिव्यक्ति है। बोस्कन की विधवा पत्नी ने इनकी मृत्यु के बाद अपने पति की कविताओं के साथ १५४३ में इनकी रचनाओं को भी प्रकाशित किया। (तुलसीनारायण सिंह.)