गटिंगन (नगर) (स्थिति : ५१ ३२ उ. अ. तथा ९ ५६ पू. दे.)। पश्चिमी जर्मनी के हैनोवर देश के भूतपूर्व प्रसिया प्रांत का प्राचीन नगर जो लीन नदी पर हैनोवर से ६७ मील दक्षिण रेलमार्ग पर स्थित है। ९५० ई० में यह नगर गाडिंग या गाटिंगी नाम का एक गाँव था। धीरे धीरे उन्नति करता हुआ यह औद्योगिक एवं शैक्षणिक केंद्र हो गया है। यहाँ चश्मा तथा दर्शक यंत्र, मशीन, विद्युत् संबंधी सामान, ऐल्युमीनियम धुएँ, औद्योगिक रासायनिक ओषधियाँ, सौंदर्यवर्धक वस्तुएँ, वस्र, कागज, फर्नीचर, मुद्रण सामग्री, शराब तथा स्पिरिट आदि बनाने के कारखाने हैं।

यहाँ एक प्रसिद्ध विश्वविद्यालय के अतिरिक्त जर्मनी के आधुनिक साहित्य का सब से भरा पूरा संग्रह है जो प्राणिविज्ञान, नृतत्व विज्ञान तथा खनिज विज्ञान से संबंधित है। यहाँ प्रसिद्ध विज्ञान समिति है जो गटिंगिशे गेलेरटे आनट्साइजेन (Gottingische gelehrte Angeigen) का प्रकाशन करती है। प्राचीन भवनों में १४वीं शताब्दी का नगरभवन तथा १४वीं और १५वीं शताब्दी के गिरजाघर उल्लेखनीय हैं। (राजेंद्रप्रसाद सिंह)