खारतूम खारतूम प्रांत एवं सूडान की राजधानी (स्थिति: १५० ३६’ उ. अ. और ३२० ३२’ पू. दे.)। यह नगर नीली नील और श्वेत नील के संगम पर १,२५२ की ऊँचाई पर स्थित है। यह सूडान पत्तन से रेलमार्ग द्वारा ४३२ मील दक्षिणपश्चिम और काहिरा से १,३४५ मील दक्षिण है। सड़क, रेल, वायु तथा आंतरिक जलमार्ग द्वारा यह देश के अन्य भागों से संबद्ध है। यह अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण प्रमुख व्यावसायिक एवं राजनीतिक केंद्र है।
आधुनिक नगर के रूप में इसका पुनर्निर्माण १८९८ ई. में लार्ड किचनर के योजनानुसार हुआ। यहाँ विभिन्न धर्मानुयायियों के गिरजाघर तथा बहुत से मकबरें हैं। यहाँ पर राज्य विश्वविद्यालय, गवर्नर जनरल का महल, सैनिक अस्पाल तथा गार्डन में मेमोरियल कालेज दर्शनीय है। यहाँ प्राविधिक संस्थान, नागरिक अस्पताल, औषध विद्यालय, सूडान वास्तुकला का संग्रहालय तथा काहिरा विश्वविद्यालय और उच्च न्यायालय की शाखाएँ भी है। सूडान वायुमार्ग का प्रधान कार्यालय भी यही है। १९६५ में यहाँ की जनसंख्या २,७५,००० थी। (राजेंद्रप्रसाद सिंह)