खबारोवस्क रूस देश के सोवियत गणतंत्र का एक राज्य और उसकी राजधानी : स्थिति : ४८० ४०’ उ. अ. और १३५० ५’ पू. दे.। यह सुदूरपूर्व की आमूर नदी के दाहिने किनारे ३१५ ऊँची खड़ी चट्टान पर स्थित सबसे बड़ा औद्योगिक नगर है। १७वीं शताब्दी के रूसी व्यापारी एवं अन्वेषक, खबारवस्क के नाम पर इसका नामकरण हुआ है। ट्रांस साइबेरियन रेलवे आमूर नदी को यहीं पार करती हैं। यह रेल, नदी, सड़क और यातायात का प्रसिद्ध केंद्र है। यहाँ मत्स्य उद्योग, लकड़ी, उद्योग, समूर उद्योग, तेल साफ करने, मशीन बनाने, वायुयान बनाने, चमड़ा बनाने, शराब, तंबाकू, एवं लोहे के छोटे सामान बनाने के कारखाने हैं। यहाँ आटा पीसने की वायु संचालित चक्कियाँ हैं। यह एक लंबे पाइप लाइन द्वारा उत्तरी सखलीन के तेल के खान से जुड़ा हुआ है। यहाँ एक बड़ा गिरजाघर, काउंट मूराविएव का स्मारक, एक संग्रहालय सहित रूस की भौगोलिक समिति की शाखा तथा औद्योगिक और अन्य विद्यालय हैं। १९६७ ई. में यहाँ की जनसंख्या ४,२०,००० थी।
(राजेंद्रप्रसाद सिंह; परमेश्वरीलाल गुप्त)