क्लेयरेंडन, जार्ज़ विलियम फ्रेडरिक विलियर्स (१८००-१८७० ई.) अंग्रेज कूटनीतिज्ञ। लंदन में १२ जनवरी, १८०० को जन्म। सेंट जॉन कॉलेज, कैंब्रिज में शिक्षा। १८२० में केवल २० वर्ष की आयु में सेंट पीटर्सबर्ग स्थित ब्रिटिश दूतावास में एक ऊँचे पद पर नियुक्त हुआ। १८२३ में वह आयात कर का उच्च पदाधिकारी बना। १८३३ में माद्रिद में ब्रिटिश मंत्री बनाए गए। माद्रिद में स्पेनी उत्तराधिकार के संबंध में इज़ाबेला द्वितीय के उदार शासन का पक्ष लेकर ख्याति अर्जित की। १८३८ में उन्हें अर्ल की उपाधि से विभूषित किया गया तथा १८३९ में वेरुलम के प्रथम अर्ल की पुत्री कैथरीन से इनका विवाह हुआ। लार्ड मेलबोर्न के शासनकाल में उन्हें ऊँचे पद मिलते रहे परंतु पामस्टर्न की मिस्र एवं फ्रांस संबंधी नीति का उन्होंने जमकर विरोध किया। १८४६ में जॉन रसेल के मंत्रिमंडल में व्यापारमंडल के अध्यक्ष की हैसियत से आए। दो बार उन्हें भारत का एक बार कनाडा का वायसराय बनने के लिये निमंत्रण मिला परंतु उन्होंने अस्वीकार किया। १८४७ में वह आयरलैंड के लार्ड लेफ्टिनेंट बनाए गए। १८५२ तक वह उस पद पर रहे। १८५३ में वे अंतरराष्ट्रीय विभाग के राजकीय सचिव बने। यह उनकी आकांक्षा की पूर्ति थी, जीवन का वरदान था। इस पद को सँभालते ही उन्हें रूसी तुर्की राजनीतिक कुहरे का सामना करना पड़ा जिसका अंतिम परिणाम क्रामिया का युद्ध था। परिणामस्वरूप पेरिस में राष्ट्रों का जो सम्मेलन हुआ उसमें क्लेयरेंडन की कूटनीति द्वारा समता के स्तर पर शांतिपूर्ण संधि संभाव हुई। उन्होंने आस्ट्रिया को तटस्थ रहने या मित्रराष्ट्रों को सहयोग देने को विवश किया। सम्राट् नेपोलियन पर भी क्लेयरेंडन का प्रभाव असीम था, और इसी प्रभाव के कारण नेपोलियन संधि के प्रति निष्ठावान् बना रहा। संमेलन की सफलता का श्रेय भी अधिकांशत: क्लेयरेंडन को हैं। उन्ही की सहायता से काबूर इटली की समस्या को यूरोप के सम्मुख रख सका। सम्मेलन की महान् सफलताओं, जैसे जलयुद्ध के नियमों की घोषणा आदि, का श्रेय भी उन्हें ही हैं। १८५३ में जॉन रसेल के व्यक्तिगत विरोध के कारण वे मंत्रिमंडल से अलग हो गए। १८६४ में लंकास्टर की डची के चांसलर बनाए गए और पामर्स्टन की मृत्यु के पश्चात् १८६५ में वह पुन: विदेश विभाग के मंत्री हुए। इस पद पर वे मृत्युपर्यंत, १८७० के जून तक, रहे।

क्लेयरेंडन का व्यक्तित्व बहुत प्रभावशाली था। भव्य रूप, सुंदर आचरण, प्रखर बुद्धि, सरल व्यवहार तथा मनोहारी नम्रता, ये सब उनके आकर्षक व्यक्तित्व के अंग थे। उनके जीवन की तीन महान् राजनीतिक सफलताएँ चिरस्मरणीय रहेंगी। प्रथम स्पेनी उत्तराधिकार के झगड़े का निपटारा, द्वितीय क्रीमिया युद्ध संबंधी घोषणा की स्वीकृति। आस्ट्रिया-प्रशा-युद्ध संबंधी कठिनाइयाँ तथा श्लेस्विग-होलस्टीन प्रश्न को सुलझाने में भी उन्होंने कम ख्याति नही पाई। बिस्मार्क की एक ही युक्ति क्लेयरेंडन की योग्यता को प्रमाणित करने के लिए पर्याप्त है : यदि क्लेयरेंडन जीवित होता तो फ्रांस और प्रशा के मध्य युद्ध संभव न हुआ होता। नि:संदेह यदि यह युद्ध न हुआ होता तो बिस्मार्क जैसे कूटनीतिज्ञ की समस्त योजनाओं पर पानी भी फिर गया होता। (पद्मा उपाध्याय)