क्लेंमेंट्स, फ्रेडरिक एडवर्ड (१८७४-१९७५ ई.) अमरीकन वनस्पति वैज्ञानिक। इनका जन्म संयुक्त राज्य, अमरीका, के लिंकन नगर में हुआ था। नेब्रास्का विश्वविद्यालय से सन् १८९८ में आपने डाक्टर ऑव फ़िलॉसफ़ी की उपाधि प्राप्त की तथा सन् १८९४ से सन् १९०६ तक इसी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर और सन् १९०६-१९०७ में पादप कायिकी (Plant Physiology) के प्रोफेसर रहे। सन् १०९७-१९१७ तक मिनेसोटा विश्वविद्यालय में वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर तथा अध्यक्ष पद पर आपने काम किया। सन् १९१७ में ये वाशिंगटन के कारनेगी इंस्टिट्यूशन के सहकारी बनाए गए और पारिस्थितिकी (Ecology) में अनुसंधान का कार्य आपको सौंपा गया।

इन्होंने पारिस्थितिकी, पुरापारिस्थितिकी, प्रायोगिक विकास तथा जलवायु विज्ञान में विस्तृत अन्वेषण किए। उत्तरी अमरीका में पारिस्थितिकी के अध्ययन के विकास में इनका प्रमुख हाथ रहा है और वनस्पतियों के विकासक्रम (Succession of Vegetation) संबंधी अनुसंधान के लिए आप विख्यात थे।

इन्होंने उद्भिद्-भूवृत्त (Phyto-geogrohy), कायिका तथा पारिस्थितिकी पर अनेक लेख लिखे हैं और विश्व के विविध क्षेत्रों में किए गए अपने अनुसंधानों के फलों को आपने पादप विकासक्रम विषयक अपनी पुस्तक में क्रमबद्ध किया है।

पादप कायिकी तथा पारिस्थितिकी और पादप पारिस्थितिकी में अन्वेषण की रीतियाँ विषयक आपकी दो पुस्तकें पारिस्थितिकी के अध्ययन में बहुत सहायक हुई हैं। (सावित्री जायसवाल)