क्लीस्ट एवाल्ड क्रिश्चियन वान (१७१५-५९) जर्मन कवि और सैनिक। जेब्लिन (पोमेरानिआ) में जन्म, कोनिंग्सवर्ग में शिक्षा। १७३६ में डेनिश सेना में भरती हुआ और जब फ्रेडरिक महान् गद्दी पर बैठा तो वह प्रशा की सेना में चला आया तथा सप्तवर्षीय युद्ध में भाग लिया और १७५९ में वह कुनर्सडोर्फ में बुरी तरह घायल हुआ। वह आरंभ से प्रकृत्या कवि था। उसकी प्रख्यात रचना दर फ्रूहलिंग है जो १७४९ में प्रकाशित हुई। वह जर्मन भाषा में वर्णनात्मक शैली की प्रकृति संबंधी कविता का आदिकालिका नमूना मानी जाती है। इस पर टामसन के सीजंस का प्रभाव है। उसके दो कविता संग्रह १७५६ और १७५८ में प्रकाशित हुए।

(परमेश्वरीलाल गुप्त)