क्लार्क, चार्ल्स काउडेन (१७८७-१८७७ ई.) अंग्रेज लेखक और शेक्सपियर साहित्य का विशेषज्ञ। १५ दिसंबर, १७८७ को एनफील्ड (मिडिलसेक्स) में जन्म। उसके पिता जान क्लार्क स्कूल में अध्यापक थे। जान कीट्स उनके शिष्यों में से था। चार्ल्स क्लार्क ने अपना जीवन संगीत पुस्ताकों के प्रकाशक के रूप में आरंभ किया। जब उसने मेरी विक्टोरिया से विवाह किया तब वह शेक्सपियर साहित्य की ओर आकृष्ट हुआ। विवाह के अनंतर श्रीमती क्लार्क ने शेक्सपियर साहित्य की शब्दानुक्रमणिका तैयार करना आरंभ किया जो १८४४-४५ के बीच पहले १८ मासिक खंडों के रूप में और बाद में १८४५ में कंप्लीट कंकार्डेस टु शेक्सपियर, वीइंग वर्बल इंडेक्स टु आल द पैसेजेज इन द ड्रामैटिक वर्क्स ऑव द पोएट नाम से प्राकशित हुआ। इस कार्य ने १७९० में प्रकाशित सैम्युयल एसकान और १८०५-०७ में प्रकाशित फ्रैंसिसट्विस की अनुक्रमणिकाओं को निरर्थक बना दिया। इसने क्लार्क की शेक्सपियर के ग्रंथों में अभिरुचि पैदा कर दी। फलत: उसने १८३४ और १८५६ के बीच शेक्सपियर तथा अन्य साहित्यिक विषयों पर व्याख्यान दिए। उनमें से प्रमुख व्याख्यान बाद में पुस्तकाकार प्रकाशित हुए। इनमें शेक्सपियर्स कैरेक्टर्स, चीफली दोज सुबार्डिनेट (१८६३) और मोलियर्स कैरेक्टर्स (१८६५) उल्लेखनीय हैं। १८५९ में उसने अपनी कुछ कविताओं का संग्रह प्रकाशित किया। १८७९ में पति-पत्नी ने संयुक्त रूप से द शेक्सपियर की, अनलाकिंग द ट्रेजर्स ऑव हिज़ स्टाइल प्रकाशित की। इसके पूर्व उन दोनों ने शेक्सपियर के ग्रंथों का संस्करण तैयार किया जो पहले धारावाहिक के रूप में प्रकाशित हो कर १८६८ में पूर्ण हुआ। १८८६ में उसका पुनर्मुद्रण हुआ।

चार्ल्स क्लार्क की मृत्यु १३ मार्च, १८७७ को जिनेवा में हुई। (परमेश्वरीलाल गुप्त)