क्रेमोना, ल्यूगी (१८३०-१९०३ ई.) इतालवी गणितज्ञ। पाविया में जन्म। १८४८-४९ ई. के उत्तरी इटली के विद्रोह में सक्रिय भाग लिया। पाविया विश्वविद्यालय में फ्रें सिस्को ब्रोश्ची के अधीन शिक्षा प्राप्त की और क्रेमोना में प्रारंभिक गणित का अध्यापक बना। बाद में मिलान चला गया। १८६० ई. में वह बोलोग्ना में उच्च ज्यामिति का प्राध्यापक नियुक्त हुआ। १८६६ ई. में वह मिलान के उच्च तकनीकी महाविद्यालय में उच्च ज्यामिति और ग्राफवाली सांख्यिकी का प्राध्यापक और १८७३ ई. में रोम में उच्च गणित का प्राध्यापक बना। रोम में उसने एक इंजीनियरिंग कालेज संघटित किया। इस समय तक उसकी ख्याति सारे यूरोप में गणितज्ञ के रूप में फैल चुकी थी। १८७९ ई. में वह ब्रिटिश रायल सोसाइटी का करस्पांडिग मेंबर मनोनीत हुआ और इटली में सिनेटर चुना गया। उसने इटली में उच्च गणित की शिक्षा में सुधार करने में अपना जीवन लगाया था। वह इटली और यूरोप की शोध पत्रिकाओं में निरंतर लिखता रहा। उसकी कतिपय पुस्तकों का अँगरेजी में भी अनुवाद हुआ है। उसकी ख्याति ज्यामितिक के रूप में विशेष है। (परमेश्वरीलाल गुप्त)