क्रेनब्रूक, गैथार्न-हार्डी (१८१४-१९०६ ई.)। अँगरेज राजनीतिज्ञ। १ अक्तूबर, १९१४ ई. को ब्रैडफोर्ड में जन्म। आक्सफोर्ड से ग्रेजुएट होने के बाद वकालत आरंभ की। १८५६ में वह ल्योमिंस्टर से निर्वाचित होकर पार्लामेंट में आया। १८६५ के निर्वाचन में उसने आक्सफोर्ड निर्वाचन क्षेत्र से ग्लैडस्टन को पराजित किया। १८६६ में लार्ड डर्बी के शासनकाल में पूअर ला बोर्ड का अध्यक्ष बना। जब १८६७ में डिजराइली के सुधार बिल से असंतुष्ट होकर वालपोल ने पदत्याग किया तब क्रेन ब्रूक ने गृहमंत्री का भार संभाला। १८७४ ई. में युद्धमंत्री बना और चार वर्ष पश्चात् जब वे बाउकाउंट की पदवी से विभूषित हुए तब उन्होंने इंडिया आफिस का भार लिया। लार्ड सैलिसबरी के मंत्रित्वकाल में १८८५ और १८८६ में लार्ड क्रेनब्रूक कांउसिल के अध्यक्ष रहे। १८९२ में वह मंत्रिमंडल से अलग हो गए और सार्वजनिक जीवन से सन्यास ले लिया। उसी वर्ष उन्हें अर्ल की उपाधि प्राप्त हुई। ३० अक्तूबर, १९०६ को उनकी मृत्यु हुई। (परमेश्वरीलाल गुप्त)