क्रेजर, मैक्स (१८५४-१९४१ ई.)। जर्मनी का प्रख्यात उपन्यासकार। ७ जून, १८५४ ई. को एक सरायवाले के घर पोसेन में जन्म। उसे मजदूर (१८८३ ई.) और मिस्टर टिंपे (१८८८ ई.) नामक उपन्यासों में ख्याति प्राप्त हुई। इनमें उसने बर्लिन के मजदूरों का जो सजीव चित्रण किया है वह उसकी वैयक्तिक अनुभूति का परिणाम हैं। पिता-पुत्र दोनों ने कुछ काल तक एक कारखाने में काम किया था। क्रेजर को यथार्थवादी शैली का जन्मदाता माना जाता है किंतु बाद की रचनाओं में वह प्रतीकवादी परिलक्षित होता है। उसकी मृत्यु १४ अगस्त, १९४१ ई. को हुई। (परमेश्वरीलाल गुप्त)