क्रीमिया काला सागर के उत्तर रूस के अंतर्गत एक छोटा प्रायद्वीप (स्थिति :४४.२३ से ४६.१० उ. अ. और ३२.३० से ३६.४० पू. दे.)। इसकी आकृति विषमकोणतमक है और क्षेत्रफल ९,७०० वर्गमील है। इस प्रदेश का संबंध पेरेकॉप स्थलडमरू द्वारा उक्रेन के मैदान से है। क्रीमिया का समुद्री तट कटावदार है जिससे कई छोटी छोटी खाड़ियाँ बन गई हैं। दक्षिणी-पूर्वी तट पर समुद्र के समांतर २,००० से २,५०० फुट ऊँची याला दाघ (yaila Dagh) पर्वतश्रेणी तथा १,५०० से १,९०० फुट ऊँची अन्य शृंखलाएँ स्थित हैं। इस प्रदेश की मुख्य नदियों में चेरनिया, वेलवेक काला सागर में और सालगीर तथा करासू नदियाँ सिवास झील में गिरती हैं।

क्रीमिया प्रदेश का उत्तरी ३।४ भाग स्टेप्स के प्रकार का है। यहाँ तंबाकू, फल और रूई की पैदावार अधिक होती है। कृषि अधिकतर सामूहिक फार्म पर की जाती है। दक्षिणी भाग की जलवायु भूमध्यसागरी होने तथा पहाड़ों की स्थिति के कारण फल उत्पादन और पशुचारण मुख्य उद्यम हैं। नमक सिवास झील से प्राप्त होता है। कर्च (Kerch) प्रायद्वीप क्षेत्र में लोहे का उत्खनन होता है। यहाँ का लौहभंडार २७,२७,००,००० मीट्रिक टन और लौहांश ३९% है। क्रीमिया से लोहा, तंबाकू, शराब, मछली, सोवियत संघ के अन्य क्षेत्रों में वितरित होती है। यहाँ की जनसंख्या अधिकांशत: शहरी है तथा १९५० में संपूर्ण प्रदेश की जनसंख्या १२,००,००० थी। यहाँ की राजधानी सिमफराऑपल (Simferopol) है। सेवैस्टोपॉल (Sevastopol) नौसेना का, कर्च मछली मारने का और फीओडोशिया अनाज के निर्यात का केंद्र है। (भूपेद्रकांत राय)