क्यूरी, मारी स्क्लोडोस्का (१८६७-१९३४ ई.) एवं क्यूरी, पीरी (१८५९-१९०६ ई.) प्रख्यात वैज्ञानिक दंपति। मारी क्यूरी का जन्म ७ नवंबर, १८६७ ई. को वारसा में हुआ था। वे पोलैंड की निवासिनी थीं। उनके पिता प्रोफेसर स्क्लोडोस्का वारसां के लाइसी में विज्ञान के प्राध्यापक थे। उनसे ही मारी ने विज्ञान के प्रति प्रेरणा प्राप्त की। जिस समय वे वारसा में शिक्षा प्राप्त कर रही थीं, उनका संबंध अपने देश के क्रांतिकारियों से हो गया। फलत: उन्हें अपना देश छोड़ना पड़ा। वह फ्रांसीसी भाषा बोल सकती थी और फ्रांस चली आई। पैरिस के सॉरबौं विश्वविद्यालय में महिलाओं के प्रवेश पर कोई प्रतिबंध न था। यह वह समय था जब इंग्लैंड में भी महिलाएँ चिकित्सा और आयुर्वेद नहीं पढ़ पाती थीं। वह एक विद्यालय में विज्ञान की अध्यापिका भी हो गई और स्वयं भी सॉरबों में उच्च विज्ञान के व्याख्यानों में सम्मिलित होने लगी।(सत्यप्रकाा,परमेश्वरीलाल गुप्त)