कोस्टा रीका मध्य अमरीका का सबसे छोटा देश। इसके उत्तर में निकारागुआ (Nicaragua) गणतंत्र, पूर्व में कैरिबीएन सागर, दक्षिणपूर्व में पैनामा और दक्षिणपश्चिम में प्रशांत महासागर स्थित है। इसका क्षेत्रफल १९,६५० वर्ग मील है। उत्तर पूर्व में केलोडोनिया और दक्षिण पूर्व में कारडिलेरा-दी-तालामानका पर्वत हैं। इस प्रदेश की सबसे ऊँची चोटियाँ पोआस (८,९३० फुट), बारबा (९,५३४ फुट) और इराजू (११,२६० फुट) हैं। मध्य भाग पठारी है। पर्वतों पर बर्फ जमी रहती है तथा मैदानी क्षेत्र उष्ण रहते हैं। सैनजुआन नदी निकारागुआ (Nicaragua) झील से निकलकर निकारागुआ और कोस्टा रीका प्रदेश की अंतर्राष्ट्रीय सीमा निर्धारित करती हुई कैरिबीएन सागर में गिरती है। रीवेंटा जान नदी मध्य पठार से निकलर कर कैरिबीएन सागर में गिरती हैं।
कोस्टा रीका प्रदेश का ५० प्रतिशत भाग घने जंगलों से ढँका है। समुद्रतल से ३,००० फुट की ऊँचाई तक उष्णकटिबंधीय और ७,००० फुट के ऊपर ओक के जंगल प्राप्त होते हैं। आवागमन के साधनों की न्यूनता के कारण जंगलों का उपभोग सुचारु रूप से नहीं हो रहा है। इस देश की कृषियोग्य भूमि १४०४,००० एकड़ है। यहाँ से केला, कहवा और सनई का निर्यात होता है। कोस्टा रीका का विदेशी व्यापार संयुक्त राज्य अमरीका से अधिक होता है। यहाँ की राजधानी सैनहोज़ा (San-Jose) है। अन्य नगरों मे कारतागो (Cartago) और आलाहवेला (Alajuela) उल्लेखनीय हैं। (भूपेद्रकांत राय)