कोबे जापान में ओसाका से २० मील पूर्व, ओसाका खाड़ी के उत्तरी तट पर स्थित पश्चिमी हॉनशू द्वीप के ह्ययूगो विभाग (Prefecture) की राजधानी। यह देश का प्रसिद्ध औद्योगिक नगर है। मुख्य उद्योग वस्त्र, मशीन, धातु, रासायनिक पदार्थ, जलपोतनिर्माण, विद्युत पदार्थ, चीनी तथा रबर के सामान है। यह जापान का प्रसिद्ध औद्योगिक बंदरगाह भी है। यहाँ से सूती, रेशमी, ऊनी वस्त्र और नकली रेशमी धागे, कच्चा रेशम, नकली रेशम, वस्त्र, मशीन, रासायनिक पदार्थ, कच्ची धातु तथा धातुनिर्मित अनेक पदार्थों का निर्यात एवं कच्चे सूत, ऊन, धातु, रासायनिक खाद, पेट्रोल, कोयले तथा अन्य कच्चे माल, मशीन संबंधी हथियार, वाहन कागज, रबर, खाल एवं चमड़े का आयात हाता है। १८६० ई. तक यह प्राचीन ह्यूगो नगर के समीप एक छोटा मत्स्योत्पादक ग्राम था। इसके बंदरगाह तथा नगर का अधिकांश विकास ब्रिटिश एवं अमरीकी व्यापारियों ने निकटवर्ती ओसाका नगर की औद्योगिक उन्नति के समय किया। नगर का आधिकतर भाग तट के निकट ही बसा हुआ है। १९७० ई. में यहाँ की जनसंख्या १२, ८८, ७५४ थी। यहाँ पर अनेक गिरजाघर, शिंतो तथा बौद्ध देवालय हैं। (नन्हें लाल)