कोप्ले, जान सिंगिल्टन (१७३७-१८१५ ई.) उपनिवेशकल का प्रसिद्ध अमरीकी व्यक्तिचित्र (पोट्रे) शिल्पी। शैशवकाल में ही उसके पिता का देहांत हो गया और माता ने बोस्टन के एक अंग्रेज धातुचित्रकार से विवाह कर लिया। १५ साल की आयु में ही वह पोर्ट्रट चित्रण में दक्ष हो गया और उसके शिल्प की प्रवीणता तथा रेखाओं की शक्ति आरंभ में ही लक्षित होने लगी। १७६० तक, २३ साल की अवस्था में ही, वह अमरीका के व्यक्ति चित्रकारों में अद्वितीय माना जाने लगा। १७७४ में वह इंग्लैड पहुँचा और अगले साल इटली की यात्रा कर वहाँ के चित्राचार्यो की चित्रकृतियों की प्रतिलिपियाँ प्रस्तुत की। पर उसका इंग्लैड का जीवन सुखी न हो सका। उसकी कलाख्याति, जीवनशक्ति सभी क्षीण हो चली और उसके अंतिम दिन अत्यंत कष्ट और चिंता में बीते। उसके सुंदरतम चित्र हैं-नथेनियल हर्ड, मिसेज टामस बोइल्स्टन, गवर्नर तथा मिसेज मिफ्लन। (पद्मा उपाध्याय)