कोंबम् १ आंध्र राज्य के कुर्नुल जिले में स्थित एक नगर (स्थिति १५ ३५ उ. अ. से ७९ ६ पू. दे.)। यह एक छोटा व्यापारिक केंद्र है जहाँ दरियाँ बनती हैं। इस नगर के निकट गुंडलकम्मा नदी पर ५७ फुट ऊँचा बाँध बाँधकर ४३० वर्गमील क्षेत्रफल का जलाशय बनाया गया है जिससे सिंचाई होती है। कहा जाता है कि प्राचीनकाल में जमदग्नि ऋषि ने इस जलाशय का निर्माण किया था। १५वीं शताब्दी में उसका जीर्णोंद्धार कलिंग के गजपति राजओं ने और बाद में विजयनगर के राजा बरदरजम्मा ने किया। (न. कि. सिं.)
२ मद्रास राज्य के मदुरै जिले का नगर जो उत्तमपलायम से छह मील दक्षिणपश्चिम में है (स्थिति ९ ४४ उ. अ. से ७७ १८ पू. दे.) यह पश्चिमी घाट की इलायची की पहाड़ियों के पूर्व सुरीली नदी की घाटी में स्थित है। जहाँ के निवासी कन्नड़ भाषाभाषी हैं। नगर के पूर्व में एक पुराना किला है। (न. कि. सिं.)