कैसाब्लैंका अंध महासागर के पश्चिमी तट पर स्थित अफ्रीका के मोरॉको देश का एक पत्तन जो राबात से ५५ मील की दूरी पर स्थित है। यह देश का अर्थिक केंद्र तथा संसार का सुंदरतम कृत्रिम पत्तन है। देश का तीन चौथाई व्यापार यहीं से होता है। यहाँ की मुख्य निर्यातवस्तु फॉस्फेट है। यह नगर यातायात के सब साधनों से पूर्ण है। मोटर, कपड़ा, सीसा, सीमेंट, तंबाकू, खाद तथा खाद्यउद्योग यहाँ उन्नति पर है। कालीन बनाना यहाँ का मुख्य गृह उद्योग है। सागर के निकट स्थित होने के कारण यहाँ की गर्म जलवायु कुछ सम है। १९६० की जनगणना के अनुसार यहाँ की आबादी ९,६५,२७७ है। (शिवमंगल सिंह; परमेश्वरीलाल गुप्त.)