कैलिफोर्निया संयुक्त राज्य अमरीका का एक राज्य। (स्थिति, ३२ ३०३ उ. अ. से ११४ ८-१२४ २४ प. दे.)। यह वहाँ का दूसरा बड़ा राज्य है। इसका नामकरण एक स्पेनी प्रेमकथा की नायिका कैल्फिया के नाम पर हुआ है। वैभिन्य यहाँ के धरातल तथा जलवायु की प्रमुख विशेषता है। इसके पश्चिमी भाग प्रशांत महासागर के तटीय प्रदेश में खूब कटी फटी समुद्रतटीय पर्वतश्रेणी २०से ४० मील तथा चौड़ी २,००० से ८,००० फीट ऊँची है। पूर्वी भाग में सिएरा नेवैदा पर्वत है। इन दोनों पर्वतश्रेणियों के बीच कैलिफोर्निया की सुंदर घाटी है जिसमें सैन जोकीन (San Joaquin) और सैक्रामेंटो (Sacramento) प्रमुख नदियाँ हैं। कोस्ट रेंज और समुद्र के बीच में उपजाऊ तटीय मैदान है।

जलवायु की दृष्टि से इस राज्य को छह भागों में बाँटा जा सकता है। १. अधिक वर्षा, ग्रीष्मकालीन कुहरे तथा समताप का उत्तरी तटीय प्रदेश। २. समशीतकाल, ठंढी ग्रीष्म, सुहावनी सागरीय वायु तथा घने कुहरे का सैनफ्रैनसिसको खाड़ी से पिसमो बीच (Pismo beach) का भाग। ३. सैंटा बारबारा से सैन डिएगो को अपेक्षाकृत समतल धरातल का प्रदेश। सागरीय प्रभाव के कारण यहाँ की जलवायु सुधरकर सम हो जाती है। ४. सिएरा नेवैदा तथा कोस्ट रेंज का २,००० फुट से अधिक ऊँचा भाग जहाँ पर जाड़े में खूब बर्फ पड़ती है, वर्षा मध्यम होती है और उल्लेखनीय ताप परिवर्तन होते हैं। ५. मध्यवर्ती घाटी का भाग जहाँ पर विभिन्न स्थानों पर कम, मध्यम अथवा अधिक वर्षा, शीत तथा ग्रीष्म के ताप में अधिक अंतर होता है। ६ मोजावी कोलोरेडो मरुस्थलीय भाग, जहाँ पर वर्षा बहुत कम होती है और ग्रीष्मकाल अति गर्म तथा शीतकाल ठंढा होता है।

कृषि यहाँ का प्रमुख उद्योग है। फल प्रचुर मात्रा में होता है। सोना, चाँदी, सीसा, ताँबा तथा तेल यहाँ के मुख्य खनिज हैं। कोयले की कमी को यहाँ जलविद्युत् द्वारा पूर्ण किया गया है। वनसंपत्ति भी प्रचुर मात्रा में है जिसके कारण यहाँ अनेक राष्ट्रीय पार्क और संरक्षित वन है। मत्स्योद्योग भी होता है। चलचित्र उत्पादन उद्योग में इस राज्य का प्रमुख स्थान है। हालीवुड इसका मुख्य केंद्र है। इस प्रदेश का क्षेत्रफल १,५८,६९३ वर्गमील है और १९७० की गणना के अनुसार जनसंख्या १,९६,९६,८४० है। (शिवमंगल सिंह)