कैरोलिन (द्वीपसमूह) प्रशांत महासागर में लगभग १० से ३० उत्तर अक्षांश तथा १३१ से १३६ पूर्व देशांतर रेखाओं तक फैला हुआ माईक्रोनीसिया (Micronecisia) में सम्मिलित और राष्ट्र संघ द्वारा संरक्षित द्वीपसमूह। इसमें ९६३ ज्वालामुखीय द्वीप तथा प्रवाल वलय हैं जिनका क्षेत्रफल ४६३ वर्गमील है। यह चार प्रशासकीय भागों मे विभाजित है। प्रमुख द्वीपों मे पाली द्वीप (बाबेलतू आप, कोरोर तथा पेलेडिड), याप डब्लिन, पोनापे तथा कूसाइए (Kusaie) हैं। इन द्वीपों में प्राकृतिक साधनों का अभाव है। लगभग एकतिहाई भूमि कृषि योग्य है। नारियल, पपीते, केले, गन्ने आदि की फसलें प्रमुख हैं। दस्तकारी तथा मत्स्य उद्योग यहाँ के अन्य धंधे है यहाँ के मुख्य निवासी माइक्रोनीसियन (Micronesian) हैं जिनके परंपरागत जीवन पर जापानियों एव श्वेत जातियों का प्रभाव पड़ा है। ट्रकनामक नगर प्रमुख शैक्षिक केंद्र हैं। (काशीनाथ सिंह)