कैमचैटका (Kamchatka) उत्तरीपूर्वी एशिया का प्रायद्वीप जो पूरब में वेरिंग सागर एवं पश्चिम में ओखोट्स्क सागर द्वारा घिरा है। यह रूसी सोवियत संघ का एक प्रदेश है जो उत्तर से दक्षिण ७५० मील लंबा एवं तथा पूरब से पश्चिम २५० मील चौड़ा है। इसका क्षेत्रफल १,०४,२६० वर्गमील है। इसमें उत्तरपूर्व से फैली पर्वतश्रेणी के ७,००० फुट से भी अधिक ऊँचे कई शिखर हैं। इनमें कई ज्वालामुखी पर्वत भी है। यहाँ भूकंप बहुधा आते रहते है। ३०० मील लंबी कैमचैटका नदी प्रायद्वीप के मध्य भाग से निकलकर उत्तर पूर्व में बहती हुई वेरिंग सागर मे गिरती है। अन्य नदियों मे येलोका (कैमचैटका की सहायक), अवाच्चा (Avatcha) और तागिल (Tagil) प्रमुख हैं।
तटीय समुद्र में अनेक प्रकार की मच्छलियाँ मिलती है। वन्य जीवों में लोमड़ियाँ, रेंनडियर, भालू, भेड़िए इत्यादि बहुतायत से मिलते हैं। दक्षिणी भाग में पर्वतीय ढाल वनाच्छादीत है जिनमें वर्च लार्च, देवदारू, चीड़ आदी के वृक्ष है। कोयला, ताँबा, लोहा, गंधक आदि खनिज भी यहाँ प्राप्त हैं। यहाँ के प्रमुख आदिवासी क ोर्यक तटीय भागों में मछली तथा अंतर्भागों में रेनडियर द्वारा निर्वाह करते हैं । यहाँ कैमचाडेल (Kamchadels) जाति के मिश्रित (मंगोलियन-साइबेरियन) के लोग संख्या में सर्वाधिक है। कृषि, पशुपालन एवं मत्स्य उद्योग उनके प्रमुख धन्धे हैं पेट्रोपैवलॉवरक (Petropavlovsk) इस प्रदेश की राजधानी तथा पैलेंस एवं निझनी कैमचैट्स्क (Nizhne Kamchatsk) प्रमुख नगर हैं। (काशीनाथ सिंह.)