कैबट जॉन (१४५०-१४९८ ई.)। इटली के प्रसिद्ध नाविक एवं अन्वेषक। इनका जन्म इटली के जनेवा नगर में हुआ था। १४६१ ई. में वेनिस नगर में उन्होंने व्यापार आरंभ किया। १४७६ ई. में वे वहाँ के नागरिक बने। मार्च, १४९६ में हेनरी सप्तम से आज्ञापत्र प्राप्तकर मैथ्यू नामक ज़हाज लेकर ब्रिस्टल के बंदरगाह से रवाना हुए और उत्तरी अमरीका के केप ब्रेटन द्वीप पर एशिया का उत्तरपूर्वी द्वीप समझकर अधिकार किया। न्यूफाउंडलैंड होते हुए वे इंग्लैंड लौटे। १४९८ ई. में दूसरी यात्रा में ग्रीनलैंड के पूर्वी समुद्रतट तथा ६७ डिग्री ३० उत्तर अक्षांश होते हुए बैफिन द्वीप से घूमकर महाद्वीपीय भाग में ३८ डिग्री उत्तर अक्षांश के समीपस्थ भागों का परिभ्रमण करते हुए ब्रिस्टल आए और उसी वर्ष, उनका देहांत हो गया। (काशीनाथ सिंह.)