कैनिंग, चार्ल्स जान ईस्ट इंडिया कंपनी के भारत स्थित अंतिम गवर्नर जनरल (१८५६-१८६१ ई.) तथा प्रथम वाइसराय। आक्सफर्ड में विद्वत्ता के कारण इनकी ख्याति रही। जब वे भारत आए उन दिनों देश में अंग्रेजी शासन के विरूद्ध असंतोष फैल रहा था। फलत: १८५७ ई. में देशव्यापी सिपाही विद्रोह हुआ। मुसलमानों ने मुगल साम्राज्य तथा हिंदुओं ने नाना की अध्यक्षता में अपना आधिपत्य स्थापित करने का प्रयास किया। ब्रिटिश सरकार तथा जनता दोनों इस विद्रोह के फलस्वरूप सचेत हुए। भारत का शासन ब्रिटिश पार्लमेंट ने ईस्ट इंडिया कंपनी से अपने हाथो में ले लिया। १ नवंबर, १८५८ को महारानी विक्टोरिया ने घोषणापत्र द्वारा लार्ड कैनिंग को अपना वाइसराय नियुक्त किया। भारत के शासन प्रबंध के लिये इंडिया कौंसिल तथा भारतसचिव की नियुक्ति की गई। कैनिंग के शासनकाल में सैनिक सुधार, अदालतों का सुधार तथा शिक्षासुधार आदि के विधान बने। सार्वजनिक हित के भी कुछ कार्य किए गए जिनमें सड़कें, नहरें, रेलवे लाइन आदि का प्रबंध है।

(कुमारी)शुभदा तेलंग