कैंडी श्रीलंका के मध्य-प्रदेश की राजधानी एवं प्रमुखतम व्यापारिक तथा सांस्कृतिक केंद्र। यह कोलंबों से ७५ मील उत्तर-पूर्व समुद्रतल से १६०२ फुट की ऊँचाई पर एक मनोरम कृत्रिम झील के किनारे स्थित है जिसे कैंडी राज्य के अंतिम नरेश ने निर्मित कराया था। यहाँ अनेक हिंदू एवं बौद्ध मंदिर हैं, जिनमें दालदा मालिगावा (Dalada Maligawa) बौद्ध मंदिर हैं विश्वविख्यात है। अनुश्रुति है कि इस मंदिर में भगवान् तथागत का एक दाँत रखा है जिसे कोई राजकुमारी बालों में छिपाकर भारत से लाई थी। यह नगर शिक्षा एवं संस्कृति की प्राचीन पीठिका तथा कैंडी राज्य की परंपरागत राजधानी रहा है। यहाँ से तीन मील दूर पेरादेनिया नामक स्थान पर विशाल राजकीय वनस्पति उद्यान है। नगर की जनसंख्या सन् १९६२ में ६७,७६८ थी। यह नगर चाय उद्योग का प्रमुख केंद्र हैं। (काशीनाथ सिंह)