केपवर्ड (द्वीपपुंज) पुर्तगाल के अधीन अंधमहासागर में १० बड़े तथा ५ छोटे द्वीपों का समूह जो पश्चिम अफ्रीका में बड़े अंतरीप तथा डाकार (Dakar) से लगभग ३२५ मील पश्चिम स्थित है। इसका अन्वेषण सर्वप्रथम १४५६ ई० में कप्तान काडामोस्टो (Captaim Cadamosto) ने किया था। इन द्वीपों का निर्माण ज्वालामुखी के उद्गार द्वारा हुआ है। फागो द्वीप में पीको दो कानो (Pico do Cano) नामक एक जाग्रत ज्वालामुखी है जिसकी ऊँचाई ९,२८१ फुट है। इसका संपूर्ण क्षेत्रफल १,५१६ वर्गमील तथा जनसंख्या २,४५,००० (१९६८) है। प्राआ (Praia) इसकी राजधानी एवं पत्तन है जो सबसे बड़े द्वीप साओ तिआगो (Sao Tiago ३५० वर्गमील) पर स्थित है। दक्षिण अमरीका जानेवाले जहाज साओ विसेंट (Sao Vicent) में कोयला लेते हैं। साल द्वीप का हवाई अड्डा अंध महासागर पार करनेवाले वायुयानों द्वारा उपयोग में लाया जाता है। केपवर्ड द्वीपपुंज में उत्कृष्ट कोटि का कहवा, ईख, चुकंदर, मक्का एवं संतरे उत्पन्न होते हैं। इन द्वीपों का मुख्य निर्यात बकरे का चमड़ा, नमक, संतरा तथा एरंड का तेल है।
(नवलकिशोरप्रसाद सिंह)
�