केप प्राविंस दक्षिण अफ्रीका का एक प्रांत जिसे पहले केप ऑव गुड होप और १९१० ई. के पूर्व केप कॉलोनी कहते थे। इसके अंतर्गत टेबुल बे तथा फाल्स बे नामक खाड़ियों के बीच स्थित इसी नाम का एक अंतरीप है जिसका अन्वेषण १४८८ ई. में बारथोलोम्यू दिआश (Bartholomeu Dias) नामक पुर्तगाली नाविक ने किया था। प्रांत का क्षेत्रफल २,७८, ३८० वर्गमील तथा जनसंख्या ५३,६२,८५३ (१९६०) है। जिनमें १,००३, २०७ श्वेत हैं और शेष अश्वेत। अश्वेतों में बंटू (Bantu) जाति के लोगों की अधिकता है। समुद्रतट के समांतर अनेक पर्वतश्रेणियाँ हैं जिनमें अपर कारू (Upper Karroo ६,००० फुट) सर्वोच्च है। केपटाउन इस प्रांत तथा दक्षिण अफ्रीका की राजधानी है। इसके प्रमुख पत्तन पोर्ट एलिजाबेथ, ईस्ट लंदन तथा केपटाउन से हीरा, कच्चा चमड़ा, ऊन, फल, शराब आदि का निर्यात किया जाता है। इस प्रांत में खनिज संपत्ति प्रचुर मात्रा में पाई जाती है। हीरा किंबर्ली तथा पश्चिम बार्कली जिलों में, सोना विटवाटर्जरैंड में, टिन क्वील्स नदी की घाटी में और लोहा ग्रीक्वालैंड तथा बेचुवानॉ लैंड में प्राप्त होता है। गेहूँ, जौ, मक्का, जई तथा तंबाकू इस प्रांत की मुख्य उपज है। इसके दक्षिणपश्चिम भाग में अंगूर तथा अन्य फल उत्पन्न किए जाते हैं। (नवलकिशोरप्रसाद सिंह)