केपटाउन (स्थिति ३३ ५५ द. अ. सि १८ २४ पू. दे.) दक्षिण अफ्रीका का एक प्रमुख नगर, पत्तन एवं राजधानी जो टेबुल बे नामक खाड़ी के दक्षिणपश्चिम में ३,६०० फुट ऊँचे टेबल पर्वत की गोद में बसा है। इस नगर की स्थापना जॉन वान रायबीक (Jan Van Riebeeck) नामक डच नावकि ने १६५२ ई. में की थी। इसका क्षेत्रफल ६७ वर्गमील है। इसकी जनसंख्या ६, २४,७४० (१९६९) है जिसमें श्वेत २,००,०९०, बंटू ८०,८४०, अश्वेत ३,३७,२१० तथा एशियाई ७,६०० हैं। केपटाउन की जलवायु रूमसागरीय है। यहाँ हीरा काटने और जहाज, सीमेंट, रसायनक, खाद्य, रंग, लेप, वस्त्र साबुन तथा जूते बनाने के उद्योगों का विकास हुआ है। यह दक्षिण अफ्रीका के हीरे तथा सोने के निर्यात का प्रमुख पत्तन है। इसके अन्य निर्यात ताजे एवं सूखे फल, फूल, शराब, ऊन, कच्चा चमड़ा तथा मक्का है। यहाँ १९१८ ई. में केपटाउन विश्वविद्यालय स्थापित किया गया। अफ्रीका के अन्य भागों से लोग आनंद मनाने के लिये केपटाउन आते हैं। (नवलकिशोरप्रसाद सिंह)