केन, एलिशा केंट आर्कटिक प्रदेश के खोजी अमरीकी अन्वेषक। इनका जन्म फिलाडेल्फिया में ३ फरवरी, १८२० ई. को हुआ था। १८४० ई. में संयुक्त राज्य अमरीका, की नौसेना की सेवा में रहते हुए उन्होंने मेक्सिको की खाड़ी का भूमापन किया। इसके पश्चात् उन्होंने १८५० ई. तथा १८५३ ई. में आर्कटिक प्रदेश की दो बार यात्रा की। इन यात्राओं का वृत्त उन्होंने पुस्तकों में प्रकाशित किया है। इसके लिये उन्हें न्यूयार्क विधान सभा तथा लंदन की रॉयल भूगोल परिषद् ने स्वर्णपदक प्रदान किए। दूसरी बार की यात्रा में वे बैफिन की खाड़ी तथा स्मिथ साउंड से होते हुए ७८ ४३ उ. अ. तक पहुँचे। वहाँ जहाज बर्फ में फँस गया। २१ महीने तक प्रतीक्षा करने के बाद जहाज को छोड़ वे नाव तथा स्लेज द्वारा १८५५ ई. में ग्रीनलैंड की एक डेन बस्ती में पहुँचे। वहाँ से वे एक विशेष जहाज से अमरीका लौटे। उनका देहांत १६ फरवरी, सन् १८५७ ई. को हवाना (क्यूबा) में हुआ । (न० कि० सिं०)