केकय पंजाब में गंधार का पूर्ववर्ती प्रदेश, आजकल के रावलपिंडी पेशावर के आसपास के प्रदेश का प्राचीन नाम। ईक्ष्वाकुवंशी राजा दशरथ की रानी कैकेयी यहीं की राजकन्या थीं। केकय राज्य की राजधानी राजगृह थी। इस राजगृह का समीकरण आधुनिक जलालपुर से किया जाता है। रामायण में इस नगर का एक दूसरा नाम गिरिब्रज कहा गया है। उपनिषदों में इस प्रदेश के विख्यात शासक अश्वपति का उल्लेख मिलता है। पारिणनि की अष्टाध्यायी में इसे राजाधिष्ठित जनपद कहा गया है। महाभारत के समय यहाँ धृष्टकेतु नामक राजा राज्य करता था। ब्रह्मांड पुराण के अनुसार केकय निवासी अनार्य थे किंतु जैन साहित्य में उन्हें आर्य कहा गया है।

(चंद्रभान पांडे;परमेश्वरीलाल गुप्त)